Top News

गरियाबंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 21.528 किलो गांजा जब्त, दो मामलों में 4 तस्कर गिरफ्तार

 स्विफ्ट डिजायर कार, बाइक और 5 मोबाइल जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजे गए न्यायिक हिरासत


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क, गरियाबंद

गरियाबंद_गरियाबंद जिले में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में थाना गरियाबंद, थाना छुरा एवं स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 21.528 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत ₹10 लाख 76 हजार 400 आंकी गई है। कार्रवाई में एक स्विफ्ट डिजायर कार, एक मोटरसाइकिल और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पहला मामला: कार से हो रही थी गांजे की तस्करी

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर (CG 04 RB 6882) में सवार तीन युवक ग्राम कोसमी नवापारा से दुल्ला-छुरा की ओर अवैध गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही छुरा पुलिस और स्पेशल टीम ने नगर पंचायत के पीछे गली तिराहा के पास घेराबंदी की।

पुलिस को देखकर आरोपी कार लेकर भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार से 16 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धमेन्द्र मारकण्डे (33), टीकम आडिल (26) और मनीष कुमार साहू (29) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 किलो गांजा, स्विफ्ट डिजायर कार और 4 मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹13 लाख 11 हजार 700 बताई गई है।

दूसरा मामला: बाइक की सीट में छिपाकर ले जा रहा था गांजा

इसी दिन थाना गरियाबंद पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक मोटरसाइकिल से गांजा परिवहन कर रहा है। पुलिस ने ग्राम बास्का फॉरेस्ट नाका के पास वाहन जांच के दौरान टीवीएस मोटरसाइकिल (MP 40 ZL 5179) को रोका।

तलाशी में बाइक की सीट के अंदर 5.528 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान महेन्द्र आहिरवार (33), निवासी जिला विदिशा (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.528 किलो गांजा, मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹3 लाख 36 हजार 300 आंकी गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस का अभियान रहेगा जारी

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गांजा, शराब और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों में चेक पोस्ट और वाहन जांच को और सख्त किया गया है ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Previous Post Next Post