Top News

गरियाबंद में सुरक्षा का सख्त अभियान: अवैध प्रवासियों और बिना सत्यापन किरायेदारों पर पुलिस की पैनी नजर, सरपंच-कोटवारों को सौंपी अहम जिम्मेदारी

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद _जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में ग्राम सरपंचों और कोटवारों की बैठक आयोजित कर अवैध प्रवासियों की पहचान और किरायेदार सत्यापन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

गांव-गांव में होगी नए लोगों की निगरानी

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सरपंचों और कोटवारों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र में बाहर से आकर रहने, मजदूरी करने या व्यवसाय करने वाले प्रत्येक नए व्यक्ति की जानकारी तत्काल संबंधित थाना पुलिस को उपलब्ध कराएं। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है या उसके पास वैध पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं हैं, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।

किरायेदार सत्यापन अब होगा अनिवार्य

पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में किराये के मकानों में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अनिवार्य है। सभी मकान मालिकों से कहा गया है कि वे अपने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। इसके लिए 'समाधान ऐप' के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे घर बैठे प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

गरियाबंद पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत किरायेदारों का रिकॉर्ड भी खंगाला जाएगा और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

जनता से सहयोग की अपील

पुलिस ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और मकान मालिकों से अपील की है कि जिले को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने के लिए इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें। यदि किसी भी क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस को दें।



Previous Post Next Post