गरियाबंद पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने जिले के पुलिस विभाग में प्रशासनिक कसावट और कार्य व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा फेरबदल किया है। जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों सहित कुल 17 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर नई पदस्थापना दी गई है।
जारी आदेश के मुताबिक अधिकांश पुलिसकर्मियों को विभिन्न थानों से रिजर्व सेंटर गरियाबंद स्थानांतरित किया गया है, जबकि कुछ कर्मचारियों को अन्य थानों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह तबादला प्रशासनिक दृष्टिकोण से किया गया है और सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल नवीन पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश के अनुसार निरीक्षक कृष्ण प्रसाद जांगड़े सहित राजिम, फिंगेश्वर, पाण्डुका, अमलीपदर, शोभा, देवभोग, छुरा एवं गरियाबंद थानों में पदस्थ पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। वहीं यातायात शाखा से भी एक कर्मचारी को राजिम थाना भेजा गया है।
यह आदेश पुलिस अधीक्षक, जिला गरियाबंद द्वारा 21 जुलाई 2026 को जारी किया गया है। पुलिस महकमे में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


