Top News

गरियाबंद जिले के छिन्दोला-आमामोरा मार्ग पर खोलापारा नाला बना मौत का दरिया! 46 पर्यटक और राहगीर फंसे, उफनती धारा में बहते-बहते बचा बाइक सवार

छिन्दोला-आमामोरा मार्ग पर बाढ़ जैसे हालात, कई गांवों का टूटा संपर्क... प्रशासन से सुरक्षित रेस्क्यू करे ये जरूरी....


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_लगातार हो रही बारिश के बाद गरियाबंद जिले के छिन्दोला-आमामोरा मार्ग पर स्थित खोलापारा नाला उफान पर है। नाले के ऊपर से पानी बहने से पूरा मार्ग बंद हो गया है और हालात बाढ़ जैसे बन गए हैं।

नाले में तेज बहाव के कारण ब्लॉक मुख्यालय से आमामोरा, ओड़, कुकरार और नगरार गांवों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है। दोनों ओर दर्जनों वाहन फंसे हुए हैं, जबकि करीब 46 पर्यटक और राहगीर सुरक्षित रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे हैं।

इस बीच लापरवाही की एक खतरनाक तस्वीर भी सामने आई। एक मोटरसाइकिल सवार युवक उफनती धारा पार करने की कोशिश में बहते-बहते बाल-बाल बच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर तेज बहाव के बीच नाला पार करने का प्रयास करते नजर आए, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

लगातार हो रही बारिश के कारण नाले का जलस्तर धीरे-धीरे और बढ़ता जा रहा है। यदि वर्षा का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है तथा आसपास के क्षेत्रों में आवागमन पूरी तरह ठप होने की आशंका है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल पुलिस, राजस्व और आपदा प्रबंधन की टीम को मौके पर तैनात कर आवाजाही पूरी तरह रोकने तथा फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते शासन-प्रशासन ने प्रभावी कदम नहीं उठाए तो जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए तत्काल सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक राहत कार्य शुरू किया जाना बेहद जरूरी है।


Previous Post Next Post