गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
देवभोग _देवभोग में 100 वर्षों से अधिक पुरानी भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महापर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को देवभोग थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, मंदिर समिति, व्यापारी संघ और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल एवं नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं, जगन्नाथ मंदिर समिति अध्यक्ष देवेंद्र बेहरा, जोगेंद्र बेहरा, दुर्गा प्रसाद अवस्थी, व्यापारी संघ अध्यक्ष राकेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
बैठक के दौरान मंदिर समिति एवं व्यापारियों ने रथयात्रा के दिन धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए चिकन-मटन की दुकानों को बंद रखने का प्रस्ताव रखा। इस पर सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से सहमति जताते हुए रथयात्रा के दिन मांस-मटन बाजार पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया।
रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए झाखरपारा मार्ग पर डायवर्शन लागू करने का भी फैसला लिया गया। साथ ही तेज रफ्तार एवं लापरवाही से बाइक चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने पर सहमति बनी।
थाना प्रभारी फैजुल हुदा शाह ने बताया कि रथयात्रा के दौरान नियमित पेट्रोलिंग के साथ अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। थाना चौक एवं गांधी चौक सहित प्रमुख स्थानों पर फिक्स प्वाइंट बनाए जाएंगे, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
प्रशासन और शांति समिति ने नागरिकों से रथयात्रा महापर्व के दौरान सहयोग, अनुशासन और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है, ताकि देवभोग की ऐतिहासिक रथयात्रा परंपरा गरिमा और श्रद्धा के साथ संपन्न हो सके।





