देवभोग_गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने लगातार बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दिनों में तीन अलग-अलग आबकारी प्रकरण दर्ज किए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 80 लीटर अवैध महुआ शराब, 2 मोटरसाइकिल जब्त कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 56 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी मैनपुर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी देवभोग के नेतृत्व में 12 और 13 जुलाई 2026 को थाना क्षेत्र के डोंगरीगुड़ा मार्ग और अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट खुटगांव में विशेष वाहन जांच एवं गश्त अभियान चलाया गया।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने नारायण कुमार ध्रुव के कब्जे से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। दूसरी कार्रवाई में भुवेन्द्र पाथर को एक मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया, जिसके पास से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। वहीं तीसरी कार्रवाई में अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट खुटगांव पर वाहन जांच के दौरान अरविन्द यादव के कब्जे से उड़ीसा निर्मित लाल घोड़ा छाप महुआ शराब के 250 पाउच (50 लीटर) और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
तीनों आरोपियों के पास शराब परिवहन अथवा बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने शराब और वाहनों को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सभी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी (संशोधन) अधिनियम 2002 की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




