file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

बगनई नदी में फंसे 14 मजदूरों का सफल रेस्क्यू, पूरी रात पेड़ पर बिताकर बचाई जान

छुरा के बीजापाल में निर्माणाधीन पुल का कार्य कर रहे मजदूर अचानक बढ़े जलस्तर में फंसे, गरियाबंद और महासमुंद प्रशासन के संयुक्त अभियान से सभी सुरक्षित निकाले गए।


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

छुरा_गरियाबंद जिले के विकासखंड छुरा के अंतिम वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम बीजापाल में शनिवार रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। निर्माणाधीन पुल के कार्य में लगे 14 मजदूर बगनई नदी में अचानक आए तेज बहाव के कारण बीच धारा में फंस गए। लगातार बारिश से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद मजदूरों के सामने जान बचाने का संकट खड़ा हो गया। ऐसे में सभी मजदूरों ने नदी किनारे मौजूद एक पेड़ पर चढ़कर पूरी रात गुजारी।

जानकारी के अनुसार फंसे मजदूरों में 10 पुरुष और 4 महिलाएं शामिल थीं। रात के समय नदी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण तत्काल रेस्क्यू संभव नहीं हो सका। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और सुबह होते ही बचाव अभियान शुरू किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गरियाबंद और महासमुंद जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। महासमुंद से पहुंची विशेष रेस्क्यू टीम ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद सभी 14 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते चलाए गए अभियान से एक बड़ा हादसा टल गया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान गरियाबंद कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, थाना प्रभारी और ग्राम पंचायत के सरपंच सहित प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा। अधिकारियों ने पूरे अभियान की लगातार निगरानी की और बचाव कार्य को सफलतापूर्वक पूरा कराया।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों और निर्माण कार्यों में लगे मजदूरों से सतर्क रहने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की।