file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

मिनी माता महतारी जतन योजना बनी सहारा, कविता ध्रुव को मिली 20 हजार रुपये की सहायता मातृत्व के दौरान आर्थिक संबल से मिली राहत, बच्चों के पालन-पोषण में आएगी मदद

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_ राज्य सरकार द्वारा महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से संचालित मिनी माता महतारी जतन योजना का लाभ जिले की हितग्राही कविता ध्रुव को मिला है। श्रम विभाग के माध्यम से उन्हें 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।

कविता ध्रुव ने बताया कि प्राप्त राशि का उपयोग वे अपने बच्चों के लालन-पालन, देखभाल तथा आवश्यक जरूरतों की पूर्ति में करेंगी। उन्होंने इस सहायता के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और श्रम विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यह योजना श्रमिक परिवारों की महिलाओं के लिए बेहद लाभकारी है। मातृत्व के दौरान मिलने वाली आर्थिक सहायता से महिलाओं को राहत मिलती है और नवजात शिशु के बेहतर पालन-पोषण में मदद मिलती है। उन्होंने अन्य पात्र महिलाओं से भी इस योजना का लाभ लेने की अपील की।

जानकारी के अनुसार, मिनी माता महतारी जतन योजना का लाभ पंजीकृत निर्माण श्रमिक महिला अथवा पंजीकृत निर्माण श्रमिक की पत्नी को दिया जाता है। योजना का लाभ लेने के लिए श्रम विभाग में पंजीयन अनिवार्य है। बच्चे के जन्म के बाद जन्म प्रमाण पत्र, श्रमिक पंजीयन कार्ड, बैंक खाते की जानकारी सहित आवश्यक दस्तावेज संबंधित श्रम कार्यालय, जनपद कार्यालय या श्रम सुविधा केंद्र में जमा किए जा सकते हैं।

पात्रता की जांच के बाद स्वीकृत सहायता राशि सीधे हितग्राही के बैंक खाते में अंतरित की जाती है। कविता ध्रुव ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को सशक्त, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।