Top News

जुगाड़ के पास विशालकाय पेड़ गिरा, NH-130C फिर हुआ जाम; 40 किमी सिंगल-वे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद_जिले से गुजरने वाले नेशनल हाइवे 130 सी पर एक बार फिर सड़क जाम की स्थिति निर्मित हो गई है। सोमवार को जुगाड़ के पास सड़क पर एक विशालकाय पेड़ धराशायी होकर गिर गया, जिसके चलते दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। देखते ही देखते हाइवे के दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि झारियाबहरा से ध्रुवागुड़ी के बीच करीब 40 किलोमीटर का हिस्सा कई जगहों पर सिंगल-वे है। ऐसे में इस मार्ग पर किसी भी तरह की बाधा आने पर यातायात व्यवस्था तुरंत प्रभावित हो जाती है। पेड़ गिरने के बाद भी यही स्थिति देखने को मिली और दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।

पेड़ गिरने की सूचना वन विभाग के अमले को दी गई, जिसके बाद धराशायी पेड़ को हटाकर मार्ग बहाल करने के लिए टीम को मौके पर भेजा गया है। पेड़ को काटकर सड़क से हटाने के बाद ही आवागमन सामान्य होने की उम्मीद है।

बारिश में हर बार सामने आती है यही परेशानी

NH-130C के इस हिस्से में बारिश के मौसम में पेड़ गिरने, सड़क पर मलबा आने और अन्य कारणों से यातायात बाधित होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कई बार रास्ता बहाल करने के लिए वन विभाग और पुलिस को स्थानीय राहगीरों की मदद लेनी पड़ती है।

सबसे बड़ी परेशानी यह है कि झारियाबहरा से ध्रुवागुड़ी के बीच लंबे हिस्से में सड़क सिंगल-वे होने के कारण छोटी सी बाधा भी बड़े जाम का रूप ले लेती है। बारिश के दौरान ऐसी स्थिति और गंभीर हो जाती है।

पुख्ता इंतजामों की कमी से बढ़ रही परेशानी

बारिश के पूरे मौसम में इस तरह की घटनाओं की आशंका बनी रहती है, बावजूद इसके हाइवे पर आपात स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम नजर नहीं आते। पेड़ गिरने या सड़क अवरुद्ध होने के बाद वन विभाग और पुलिस के पहुंचने तक वाहन चालक जाम में फंसे रहते हैं।

स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि बारिश के मौसम को देखते हुए हाइवे के संवेदनशील हिस्सों में पहले से निगरानी, गिरे पेड़ों को तत्काल हटाने के लिए आवश्यक संसाधन और त्वरित रिस्पॉन्स टीम की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि बार-बार लगने वाले जाम से राहत मिल सके।

फिलहाल जुगाड़ के पास पेड़ हटाने का काम शुरू करने के लिए वन अमला मौके की ओर रवाना हो चुका है। मार्ग बहाल होने तक वाहन चालकों को जाम में फंसे रहना पड़ सकता है।

Previous Post Next Post