देवभोग_सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश साहू के विरुद्ध की गई शिकायत के मामले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एकजुट होकर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। कर्मचारियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) देवभोग को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि मामले की जांच तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर की जाए तथा किसी प्रकार की एकपक्षीय कार्रवाई से बचा जाए।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि डॉ. प्रकाश साहू लंबे समय से अपने शासकीय दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन हो रहा है तथा वे जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते रहे हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि हाल के दिनों में बिना पर्याप्त प्रमाणों के शिकायतें किए जाने की प्रवृत्ति बढ़ी है, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होता है तथा शासकीय कार्यों में अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ वास्तविक शिकायत है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, लेकिन दुर्भावनापूर्ण और निराधार शिकायतों की भी सत्यता जांच के माध्यम से सामने आनी चाहिए।
ज्ञापन में सोशल मीडिया के माध्यम से लगाए गए आरोपों को भी निराधार बताया गया है। कर्मचारियों ने कहा कि ऐसे आरोपों से न केवल संबंधित अधिकारी की छवि प्रभावित होती है, बल्कि पूरे स्वास्थ्य विभाग की प्रतिष्ठा पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की जल्दबाजी में कार्रवाई न की जाए। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर गरियाबंद, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी गरियाबंद, खंड चिकित्सा अधिकारी देवभोग तथा थाना प्रभारी देवभोग को भी भेजी गई है।


