file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

देवभोग में सनसनीखेज हत्या: नाश्ते के पैसे को लेकर विवाद, ब्लेड से महिला की गला रेतकर हत्या बीच-बचाव करने पहुंचे पति और बेटा भी घायल, ओडिशा भागने की फिराक में था आरोपी; पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_देवभोग थाना क्षेत्र के ग्राम दीवानमुड़ा में बुधवार सुबह हुई एक खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया और एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम दीवानमुड़ा निवासी छबिता यादव (45 वर्ष) अपने पति पूरित राम यादव के साथ गांव में चाय-नाश्ते की टपरी चलाती थीं। रोज की तरह सोमवार सुबह भी दुकान खुली हुई थी और लोग नाश्ता करने पहुंच रहे थे। इसी दौरान गांव का ही देवी सिंह यादव (35 वर्ष) वहां पहुंचा।

बताया जा रहा है कि नाश्ते के पैसे को लेकर आरोपी और टपरी संचालकों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने अपना आपा खो दिया और अपने पास रखे धारदार ब्लेड से छबिता यादव के गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।

खून से सन गई टपरी, चीखों से कांप उठा गांव

अचानक हुए हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल छबिता यादव खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं। पत्नी को बचाने पहुंचे पति पूरित राम यादव (47 वर्ष) और बेटा हेमंत यादव (21 वर्ष) भी आरोपी के हमले में घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना इतनी भयावह थी कि कुछ देर के लिए पूरा इलाका सहम गया। टपरी के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई और चीख-पुकार से माहौल तनावपूर्ण हो गया।

अस्पताल पहुंचने से पहले चली गई जान

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायलों को देवभोग अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक छबिता यादव की मौत हो चुकी थी। वहीं पति और बेटे का उपचार जारी है। दोनों को सामान्य चोटें आई हैं।

ओडिशा भागने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने दबोचा

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी देवी सिंह यादव फरार होने की कोशिश में था। बताया जा रहा है कि वह ओडिशा भागने की तैयारी में था, लेकिन देवभोग पुलिस ने तेजी दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

गांव में मातम, लोगों में गुस्सा

एक मामूली पैसों के विवाद में हुई इस हत्या ने पूरे दीवानमुड़ा गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिस टपरी पर रोज लोगों की चहल-पहल रहती थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।