file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

माहुलकोट में गाज गिरने से 34 वर्षीय युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माहुलकोट में गुरुवार शाम तेज आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और हल्की बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। आकाशीय बिजली गिरने से 34 वर्षीय युवक चितानन्द भोई की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक युवक गांव के पास एक पेड़ के नीचे बैठा हुआ था। इसी दौरान मौसम अचानक बिगड़ गया और तेज तूफान शुरू हो गया। युवक वहां से अपने सायकल से घर लौटने निकल ही रहा था कि अचानक जोरदार गाज गिर गई।
घटना स्थल का फोटो
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को 108 एम्बुलेंस की मदद से देवभोग अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक युवक का नाम चितानन्द भोई बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय इलाके में तेज आंधी के साथ लगातार बिजली कड़क रही थी। फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।