file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

विकास की राह पर चिखली, सरनाबहाल और घूमरापदर: सांसद से मिले भाजपा जिला मंत्री डॉ. मनीष सिन्हा, पक्की सड़क निर्माण की उठाई जोरदार मांग

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

अमलीपदर_ मैनपुर विकासखंड के ग्रामीण अंचलों की वर्षों पुरानी सड़क समस्या को लेकर भाजपा जिला मंत्री डॉ. मनीष सिन्हा ने क्षेत्रीय सांसद रूप कुमारी चौधरी से सौजन्य भेंट कर ग्राम चिखली, ग्राम सरनाबहाल एवं ग्राम घूमरापदर की जर्जर कच्ची सड़कों को शीघ्र पक्की सड़क में परिवर्तित कराने हेतु ज्ञापन सौंपा।
भेंट के दौरान डॉ. सिन्हा ने क्षेत्रवासियों की ओर से बरसात के दिनों में होने वाली भारी परेशानियों, कीचड़युक्त रास्तों, आवागमन में बाधा, विद्यार्थियों, मरीजों एवं किसानों को झेलनी पड़ रही कठिनाइयों से सांसद महोदया को विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि गांवों के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक प्रगति की सबसे मजबूत कड़ी है। डॉ. मनीष सिन्हा ने मांग की कि इन गांवों की सड़कें प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से और मजबूती से जुड़ सके। सांसद रूप कुमारी चौधरी ने भी क्षेत्र की जनभावनाओं को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया। उनके आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों में सड़क निर्माण को लेकर नई उम्मीद और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होता है तो यह क्षेत्र के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं होगा।