file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

GARIYABAND NEWS: अतिक्रमण हटाने पहुंचे उपनिदेशक पर हमला, क्षेत्र में तनाव… भारी पुलिस बल तैनात

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_जिले में उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने और कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों की भीड़ ने हमला कर दिया। घटना में टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक सहित कई वनकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई और कर्मचारियों की वर्दी तक फाड़ दी गई।

मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग की टीम जैतपुरी गांव में करीब 250 एकड़ भूमि पर हुए अतिक्रमण के मामले में कार्रवाई करने पहुंची थी। इस दौरान अतिक्रमणकारियों की गिरफ्तारी के लिए गई टीम ने 4 से 5 लोगों को हिरासत में भी लिया। कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और वन विभाग की टीम को घेर लिया। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने उपनिदेशक के कपड़े तक फाड़ दिए और वन अमले के साथ जमकर धक्का-मुक्की की। घटना में कई कर्मचारियों की वर्दी भी फट गई।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक ने कहा है कि पूरे मामले में जल्द ही एफआईआर दर्ज कराई जाएगी और कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग की टीम पर हमले की इस घटना के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग भी सतर्क हो गया है। इलाके में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।