file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

देवभोग पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: 52 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_ जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवभोग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग प्रकरणों में कुल 52 लीटर अवैध महुआ शराब जप्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

मुखबिर सूचना पर पुलिस की दबिश

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना देवभोग पुलिस लगातार क्षेत्र में पेट्रोलिंग और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग अलग-अलग स्थानों पर अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।

तीन जगहों पर एक साथ छापा

देवभोग थाना पुलिस ने ग्राम चिचिया डुमरपिटा मोड़, दासोपारा बुढ़ादेव मंदिर के पास तथा ग्राम बजाड़ी क्षेत्र में दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब और उड़ीसा निर्मित शराब पाउच बरामद किए गए।

वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाए आरोपी

पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपियों से शराब रखने एवं बिक्री संबंधी वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन कोई भी आरोपी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपी

  • परदेशी यादव, निवासी गोहरापदर
  • मोनू उर्फ नीलकंठन उर्फ मिल्केन द्रोरा, निवासी गोहरापदर
  • मोहन सोनी, निवासी बजाड़ी

जप्त सामग्री

50 लीटर कच्ची महुआ शराब
10 नग उड़ीसा निर्मित महुआ शराब पाउच (02 लीटर)
कुल अनुमानित कीमत – ₹5200

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना देवभोग पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। लगातार अवैध शराब के खिलाफ हो रही कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।