file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

मिनटों में पहुंचेगी पुलिस मदद: गरियाबंद जिले को मिली डायल 112 की 8 नई हाईटेक गाड़ियां

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद जिले की सुरक्षा व्यवस्था अब और मजबूत होने जा रही है। आम जनता को आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए गरियाबंद पुलिस को डायल 112 सेवा के तहत 8 नई आधुनिक चारपहिया वाहन मिली हैं। इन वाहनों के शामिल होने से अब शहर से लेकर दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक पुलिस सहायता पहले से ज्यादा तेजी से पहुंचेगी।

पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदाय की गई ये नई डायल 112 गाड़ियां थाना गरियाबंद, पाण्डुका, राजिम, फिंगेश्वर, छुरा, मैनपुर, अमलीपदर और देवभोग थाना क्षेत्रों में तैनात की गई हैं। सभी वाहन अत्याधुनिक जीपीएस सिस्टम और संचार उपकरणों से लैस हैं, जिससे कंट्रोल रूम से सबसे नजदीकी वाहन को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया जा सकेगा।

दूरस्थ क्षेत्रों को मिलेगा बड़ा फायदा

विशेष रूप से मैनपुर, अमलीपदर और देवभोग जैसे वनांचल इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को अब आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता तेजी से उपलब्ध हो सकेगी। पुलिस पेट्रोलिंग भी अब 24 घंटे अधिक प्रभावी ढंग से संचालित की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक की अपील

पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि सड़क दुर्घटना, अपराध, घरेलू हिंसा, आगजनी या किसी भी संकट की स्थिति में बिना संकोच डायल 112 पर संपर्क करें। गरियाबंद पुलिस जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए हर समय प्रतिबद्ध है।