IMG-20260708-WA0068

कहर बनकर टूटा आंधी-तूफान: कैटपदर में बिजली व्यवस्था तहस-नहस, 8 खंभे चकनाचूर… गांव में मचा हड़कंप! तेज हवाओं के आगे कांप उठा गांव, उखड़े पेड़, बंद हुए रास्ते, अंधेरे में डूबा इलाका

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 
Gariyaband_देवभोग ब्लॉक के ग्राम कैटपदर में बुधवार शाम करीब 6 बजे आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम के साथ चली तेज हवाओं ने गांव की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। देखते ही देखते बिजली के 8 खंभे धराशायी हो गए, वहीं कई बड़े पेड़ भी सड़क पर गिर पड़े, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।ग्रामीणों के मुताबिक तूफान इतना भयावह था कि लोग अपने घरों से बाहर निकलने तक की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। तेज गर्जना और धूलभरी हवाओं के बीच कई जगह पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिससे आवाजाही भी प्रभावित हुई।
“ऐसा तूफान पहले कम ही देखा”- उपसरपंच
ग्राम कैटपदर के उपसरपंच ने बताया कि तेज आंधी के कारण गांव में भारी नुकसान हुआ है। बिजली के करीब 8 खंभे टूटकर गिर गए, वहीं कई पेड़ भी धराशायी हो गए हैं। रास्ते बंद होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि बिजली व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो चुकी है और कई घर अंधेरे में डूब गए हैं। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द बिजली सुधार कार्य शुरू कराने की मांग की है।
बिजली विभाग और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो रात में भारी परेशानी उठानी पड़ सकती है। गांव में तूफान के बाद नुकसान का जायजा लेने ग्रामीण लगातार जुटे हुए हैं, वहीं लोग मौसम को लेकर अब भी दहशत में हैं।