उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व की बड़ी कार्रवाई, ओडिशा बॉर्डर तक फैला था शिकारी गिरोह
वन विभाग ने दी चेतावनी – जंगल और वन्यजीवों के दुश्मनों को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघ के शिकार की बड़ी साजिश का पर्दाफाश करते हुए वन विभाग और एंटी पोचिंग टीम ने ओडिशा के 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हिरण का सींग, जहर की बोतलें और जहर से मरी मछलियां एवं केंकड़े जब्त किए गए हैं। मामले में कई अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश तेज कर दी गई है। वन विभाग ने साफ कहा है कि जंगल में मौत का खेल खेलने वालों पर लगातार शिकंजा कसा जाएगा।
पांच दिन पहले से बिछाया गया था जाल, सीमा पर बढ़ाई गई थी चौकसी
वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा के नुआपाड़ा जिले से जुड़े कुछ शिकारी उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघ का शिकार करने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही एंटी पोचिंग टीम सक्रिय हो गई और ओडिशा सीमा से लगे जंगलों, पहाड़ियों और नालों में निगरानी बढ़ा दी गई। बताया गया कि शिकारियों की धरपकड़ के लिए पांच दिन पहले ही टाइगर रिजर्व क्षेत्र में विशेष चौकियां और कैंप स्थापित कर दिए गए थे। ड्रोन और लगातार पेट्रोलिंग के जरिए जंगल में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
बाघ की खाल उपलब्ध कराने का लिया था “ठेका”
कार्रवाई के दौरान 9 मई 2026 को ओडिशा निवासी एक आरोपी को हिरण के सींग के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि उसे बाघ की खाल उपलब्ध कराने का ठेका दिया गया था। उसने बताया कि कुछ लोग जहरीले पदार्थ और हथियारों के जरिए बाघ को मारने की योजना बना रहे थे। इसके लिए ओडिशा सीमा से जुड़े गांवों के कई लोगों को इस नेटवर्क में शामिल किया गया था। आरोपी की निशानदेही पर वन विभाग ने आगे कार्रवाई करते हुए अन्य संदिग्धों की पहचान की।
नाले में जहर डालकर किया जा रहा था शिकार
10 मई को एंटी पोचिंग टीम ने ओडिशा के कटफाड़ गांव के 6 आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों पर आरोप है कि वे जंगल क्षेत्र के नाले में जहर डालकर वन्यजीवों का शिकार कर रहे थे।मौके से जहर की शीशियां, मरी हुई मछलियां और केंकड़े बरामद किए गए। वन विभाग का मानना है कि जहर के जरिए बाघ और अन्य वन्यजीवों को मारने की तैयारी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जब्त सामग्री को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
अदालत ने भेजा जेल, फरार आरोपियों की तलाश जारी
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वन विभाग ने बताया कि मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
जंगल के दुश्मनों पर अब सख्त नजर
वन विभाग ने उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। ओडिशा सीमा से लगे इलाकों में लगातार कैंपिंग, ड्रोन सर्विलांस और रात्रि गश्त की जा रही है।अधिकारियों ने कहा कि बाघ और वन्यजीवों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जंगल को नुकसान पहुंचाने वालों और वन्यजीवों का शिकार करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।














