IMG-20251013-WA0049

ऑपरेशन तलाश में गरियाबंद पुलिस का बड़ा धमाका: 68 गुमशुदा बरामद, प्रदेश में दूसरा स्थान; एक महीने में लौटाई परिवारों की मुस्कान

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_छत्तीसगढ़ में गुमशुदा व्यक्तियों की खोज के लिए चलाए गए राज्य स्तरीय ऑपरेशन तलाश अभियान में गरियाबंद पुलिस ने शानदार कार्य करते हुए प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल किया है। यह अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर पूरे राज्य में संचालित किया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में गरियाबंद जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष टीमों का गठन कर गुमशुदा महिला, पुरुष एवं बच्चों की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया गया। पुलिस की सतत मेहनत और सक्रियता के चलते मात्र एक माह के भीतर कुल 68 गुमशुदा व्यक्तियों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया।

बरामद व्यक्तियों में 47 महिलाएं, 14 पुरुष, 7 बालिकाएं शामिल हैं। इस सफलता से उन परिवारों के चेहरों पर फिर से खुशियां लौट आईं, जो अपने परिजनों की तलाश में उम्मीद छोड़ने लगे थे।

गरियाबंद पुलिस ने न केवल जिले के भीतर बल्कि अन्य जिलों एवं राज्यों में जाकर भी गुमशुदा लोगों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित वापस लाने का सराहनीय कार्य किया। पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के गुम होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। गरियाबंद पुलिस आपके परिवार की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।