गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
मैनपुर ब्लॉक के सरनाबहाल स्थित धनेश्वर मेडिकल स्टोर में गैर डिग्रीधारी व्यक्ति द्वारा दवा बेचने और मरीजों को इंजेक्शन लगाने का वीडियो सामने आने के बाद आखिरकार औषधि विभाग ने कार्रवाई की है। खबर सामने आने के बाद विभाग की टीम जांच के लिए मेडिकल स्टोर पहुंची। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया है।
औषधि निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे मेडिकल स्टोर में काम करने वाले धोबलेश्वर यादव से पूछताछ की गई। निरीक्षक के मुताबिक उसने दवा बेचने और मरीजों को इंजेक्शन लगाने की बात स्वीकार की है।
जांच में मेडिकल एक्ट के नियमों और शर्तों का उल्लंघन पाया गया। इसके अलावा मेडिकल स्टोर से लगे स्थान पर अन्य गतिविधियां संचालित किए जाने की बात भी सामने आई। इसके बाद विभाग ने मेडिकल स्टोर को सील करने की कार्रवाई की।
मेडिकल स्टोर संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है कि मेडिकल के लिए नियुक्त फार्मासिस्ट के स्थान पर गैर डिग्रीधारी व्यक्ति से दवा बिक्री क्यों कराई जा रही थी। साथ ही मेडिकल स्टोर से लगे स्थान पर क्लिनिक का संचालन क्यों किया जा रहा था, इसका भी जवाब मांगा गया है।
औषधि निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि नियंत्रक महोदय के निर्देश पर जांच की कार्रवाई की गई है। जांच रिपोर्ट उच्च कार्यालय को भेजी जाएगी।
खबर का असर: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और मामले की खबर सामने आने के बाद औषधि विभाग ने तत्परता दिखाई और जांच के बाद मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। अब संचालक के जवाब और विभागीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।



