file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

डॉ. मनीष सिन्हा की पहल से जागी विकास की नई उम्मीद, पैरी नदी उद्गम स्थल को पर्यटन मानचित्र में शामिल करने की कवायद तेज मुख्यमंत्री तक पहुंची मांग, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने दिए सकारात्मक संकेत

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

रायपुर_गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र स्थित भाठीगढ़ (भातूगढ़) पहाड़ी पर मौजूद पैरी नदी उद्गम स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग अब तेजी पकड़ती नजर आ रही है। लंबे समय से उपेक्षित इस प्राकृतिक और धार्मिक महत्व वाले स्थल को पर्यटन मानचित्र पर लाने की दिशा में भाजपा जिला मंत्री डॉ. मनीष सिन्हा की पहल असर दिखाने लगी है। छत्तीसगढ़ टूरिज्म board द्वारा भेजे गए पत्र में इस क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास को लेकर भविष्य की योजनाओं में शामिल करने पर विचार करने की बात कही गई है।

डॉ. मनीष सिन्हा ने मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया था मुद्दा

जानकारी के अनुसार पिछले माह भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. देवेन्द्र कश्यप के मार्गदर्शन में भाजपा जिला मंत्री डॉ. मनीष सिन्हा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर पैरी नदी उद्गम स्थल को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग रखी थी। मुख्यमंत्री द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड को भेजा गया, जिसके बाद अब बोर्ड की ओर से सकारात्मक जवाब सामने आया है।

प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम है पैरी उद्गम स्थल

मैनपुर क्षेत्र की पहाड़ियों और घने जंगलों के बीच स्थित पैरी नदी उद्गम स्थल प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर माना जाता है। स्थानीय लोगों के लिए यह स्थल धार्मिक आस्था का केंद्र भी है। बावजूद इसके अब तक यहां मूलभूत पर्यटन सुविधाओं का अभाव रहा है। ऐसे में यदि सरकार द्वारा इस क्षेत्र का विकास किया जाता है तो यह स्थल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में अपनी पहचान बना सकता है।

पर्यटन विकास से रोजगार और क्षेत्रीय पहचान को मिलेगा बड़ा लाभ

स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि पैरी नदी उद्गम स्थल का सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास होता है तो इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। होटल, परिवहन, स्थानीय व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही गरियाबंद जिले को प्रदेश स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद भी बढ़ गई है।

क्षेत्रवासियों ने जताई खुशी, विकास की उम्मीद हुई मजबूत

टूरिज्म बोर्ड से मिले सकारात्मक संकेत के बाद क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। लोगों का कहना है कि वर्षों बाद पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने इस महत्वपूर्ण स्थल के विकास को लेकर गंभीर पहल की है। अब सभी की नजरें सरकार की आगामी योजनाओं और संभावित घोषणाओं पर टिकी हुई हैं।