गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_ जिले में अवैध हीरा कारोबार पर गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 लाख 50 हजार रुपए कीमत के हीरों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना मैनपुर और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में 09 नग बहुमूल्य चमकीले खनिज पदार्थ (हीरा) बरामद किए गए हैं।

जीरो पॉइंट सीकासार मार्ग पर हुई कार्रवाई

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध रूप से हीरा रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना के बाद थाना प्रभारी मैनपुर एवं स्पेशल टीम ने जीरो पॉइंट सीकासार जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर दबिश दी।

मौके पर एक महिला और दो पुरुष संदिग्ध अवस्था में मिले। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 09 नग छोटे-बड़े चमकीले बहुमूल्य खनिज पदार्थ बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।

तीनों आरोपियों के कब्जे से मिले हीरे

पुलिस जांच में आरोपी भानुमति यादव के पास से 05 नग, कुशल नेताम के पास से 02 नग और अर्जुन पाण्डे के पास से 02 नग हीरे बरामद हुए। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में जब्ती कार्रवाई पूरी की।

खान एवं खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज

आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 3(5) बीएनएस एवं खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • भानुमति यादव, निवासी ग्राम मोहंदा थाना मैनपुर
  • कुशल नेताम, निवासी ग्राम पीपल कन्हार थाना पीपरछेड़ी
  • अर्जुन पाण्डे, निवासी बेगरपारा थाना मैनपुर

पुलिस की संयुक्त टीम की बड़ी सफलता

हीरा तस्करी के खिलाफ की गई इस कार्रवाई को जिले में अवैध खनिज कारोबार पर बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हीरे कहां से लाए गए थे और इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।