![]() |
| फाइल फोटो |
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद _ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के इस आंदोलन में देशभर के करीब 12 लाख 40 हजार से अधिक केमिस्ट एवं औषधि वितरक शामिल बताए जा रहे हैं। बंद को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों, खासकर गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए विशेष सलाह जारी की है।
इन मरीजों को पहले से खरीदनी होगी दवाइयां
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग गरियाबंद ने मधुमेह, ब्लड प्रेशर, अस्थमा, हृदय रोग, कैंसर, मिरगी सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों से अपील की है कि वे नियमित उपयोग की दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक पहले से सुरक्षित रख लें।
इसके साथ ही बच्चों की दवाइयां, मौसम संबंधी आवश्यक दवाइयां और जीवनरक्षक दवाइयां भी पहले से उपलब्ध रखने की सलाह दी गई है।
आपात स्थिति में यहां मिलेगा इलाज
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन स्थिति में नागरिक नजदीकी अस्पताल, जिला चिकित्सालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से संपर्क कर सकते हैं।
साथ ही जिले के सभी प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों एवं श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स को 20 मई को 24 घंटे खुले रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को दवाइयों की कमी का सामना न करना पड़े।
कुछ मेडिकल स्टोर्स रहेंगे खुले
विभाग के अनुसार अपोलो फार्मेसी एवं कुछ श्री धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स बंद में शामिल नहीं होंगे। जरूरत पड़ने पर वहां से दवाइयां प्राप्त की जा सकती हैं।
दवाइयों की अनुपलब्धता की स्थिति में नागरिक खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के टोल फ्री नंबर 93405-97097 पर संपर्क कर सकते हैं।
शांतिपूर्ण बंद की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने जिला दवा विक्रेता संघ से शांतिपूर्ण एवं वैध तरीके से बंद का समर्थन करने, जीवनरक्षक दवाइयों की आपूर्ति बनाए रखने, अफवाहों से बचने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की है।



