IMG-20251013-WA0049

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में शिकारियों पर बड़ी कार्रवाई, एंटी पोचिंग टीम ने दबोचे 5 आरोपी

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गुलेल, जाल और हथियारों से कर रहे थे कोटरी पक्षी का शिकार, भरमार बंदूक के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

गरियाबंद_उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन विभाग की एंटी पोचिंग टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शिकार में शामिल 5 शिकारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से शिकार में उपयोग किए जाने वाले गुलेल, जाल सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है, वहीं एक आरोपी को भरमार बंदूक के साथ पकड़ा गया है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, एंटी पोचिंग टीम को सूचना मिली थी कि रिजर्व क्षेत्र के पीपलखूंटा बीट क्रमांक 1204 में कुछ लोग अवैध रूप से पक्षियों का शिकार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की, जहां उड़ीसा प्रांत के चार व्यक्तियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान उनके निशानदेही पर एक अन्य आरोपी को भी हिरासत में लिया गया, जिसके पास से भरमार बंदूक बरामद हुई।

वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में अभी पांच अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में वन विभाग की टीम लगातार दबिश दे रही है।

बताया जा रहा है कि पकड़े गए आरोपी लंबे समय से टाइगर रिजर्व के भीतर और आसपास के इलाकों में अवैध शिकार की गतिविधियों में संलिप्त थे। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रिजर्व क्षेत्र में अवैध शिकार पर सख्ती से रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और गश्त बढ़ाई गई है।

इस कार्रवाई में सहायक संचालक उदंती, मैनपुर, परिक्षेत्र अधिकारी इंदागांव, दक्षिण उदंती सहित वन विभाग के कई अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।