IMG-20251013-WA0049

गरियाबंद के कांडसर में 20 वर्षों की परंपरा: गौ मेला और विश्व शांति यज्ञ का भव्य शुभारंभ

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_जिले के घने वनों के बीच बसे कांडसर ग्राम स्थित गौशाला में पांच दिवसीय गौ मेला एवं विश्व शांति यज्ञ का शुभारंभ गौ माता के विधिवत स्वागत के साथ हुआ। पिछले 20 वर्षों से प्रकृति प्रेम और गौ संवर्धन का संदेश देने वाले इस अनूठे आयोजन की शुरुआत परंपरानुसार भव्य गौ शोभायात्रा से की गई।

गौशाला संचालक बाबा उदयनाथ गौ माता के साथ आश्रम आयोजन स्थल के लिए निकले। शोभायात्रा का स्वागत गौ सेवा आयोग अध्यक्ष बिशेश्वर पटेल, योग आयोग अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा तथा बिलासपुर संघ कार्यकाल प्रभारी महावीर सिंह की अगुवानी में किया गया। करीब 3 किलोमीटर लंबी इस भव्य यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

यात्रा की विशेषता यह रही कि गौ माता के साथ पांच दिवसीय आयोजन के प्रतीक स्वरूप अंबू वृक्ष, अर्क पौध और वायु तत्व भी शोभायात्रा में सम्मिलित रहे, जो प्रकृति संरक्षण का संदेश दे रहे थे। पूरे मार्ग में सफेद नए कालीन बिछाए गए थे। श्रद्धालु गौ माता के चरणों के नीचे आकर ‘गौ पग बाधा’ का पुण्य लाभ लेते नजर आए।

आयोजन समिति के अनुसार, इस वर्ष मेले के दौरान निःशुल्क प्राकृतिक चिकित्सा शिविर भी लगाया गया है, जहां ग्रामीणों को स्वास्थ्य परामर्श और उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है। पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में यज्ञ, सत्संग, भजन-कीर्तन और गौ सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गांव और आसपास के क्षेत्रों में इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है।