गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_ आगामी होली पर्व को देखते हुए जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस द्वारा रेंज स्तरीय ‘‘ऑपरेशन निश्चय’’ के तहत व्यापक कार्रवाई की गई। यह अभियान के पुलिस महानिरीक्षक श्री अमरेश मिश्रा के निर्देशन में चलाया जा रहा है।
ऑपरेशन के तहत जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कुल 26 पुलिस टीमों का गठन कर 76 स्थानों पर एक साथ रेड कार्रवाई की गई। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों, अवैध शराब बिक्री एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी गई।
आबकारी एक्ट के 12 प्रकरण, 96.820 लीटर शराब जब्त
रेड कार्रवाई के दौरान आबकारी एक्ट के 12 प्रकरण दर्ज किए गए। 12 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 96.820 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।
अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट का 01 प्रकरण दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया तथा उसके कब्जे से 01 चाकू जब्त किया गया।
पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 04 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। साथ ही 03 गिरफ्तारी वारंट की तामिली भी की गई।
आगामी होली त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 16 प्रकरणों में 17 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।










