गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कलेक्टर बी.एस. उइके की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में एनकॉर्ड जिला स्तरीय समन्वय समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 31 जनवरी 2026 को हुई पिछली समीक्षा में दिए गए निर्देशों पर की गई कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की गई।
640 प्रकरण दर्ज, हजारों लीटर शराब जब्त
पुलिस विभाग ने जानकारी दी कि वर्ष 2025 में अवैध शराब के विरुद्ध 640 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान 5 हजार 50 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की गई, साथ ही 2 चार पहिया और 42 दो पहिया वाहन भी जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की गई। अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जा रहे हैं तथा चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में एमसीपी लगाकर सघन जांच की जा रही है।
वनोपज जांच नाकों पर सघन निगरानी
वन विभाग ने बताया कि अनाधिकृत व्यापारियों पर नियंत्रण के लिए वनोपज जांच नाकों पर नियमित सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। दूरस्थ वन क्षेत्रों में गांजा व अन्य मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।
नशामुक्ति अभियान को मिला जनसमर्थन
समाज कल्याण विभाग द्वारा नशामुक्ति के लिए टोल फ्री नंबर 14446 तथा मानस नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। साथ ही जिला प्रशासन के व्हॉट्सएप नंबर 94792-25884 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। दीवार लेखन, जागरूकता कार्यक्रमों एवं ग्राम पंचायतों के माध्यम से गांव-गांव तक संदेश पहुंचाया जा रहा है।
विद्यालयों और शासकीय कार्यालयों में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नगरीय निकायों में कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से भी नशे के दुष्प्रभावों का संदेश प्रसारित किया जा रहा है।
जिला अस्पताल में उपचार व काउंसलिंग
जिला चिकित्सालय में नशे की लत से पीड़ित मरीजों के उपचार एवं काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। आबकारी विभाग द्वारा भी सतत निगरानी एवं कार्रवाई जारी है। सहायक औषधि नियंत्रक द्वारा कोटपा अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई है।
सड़क सुरक्षा पर भी जोर
कलेक्टर उइके ने दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाने तथा हेल्मेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएसपी गरिमा दादर, उप संचालक समाज कल्याण डीपी ठाकुर, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र दीनबंधु ध्रुव, सहायक ड्रग कंट्रोलर संजय राजपूत सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
जिले में नशे के खिलाफ प्रशासन का यह सख्त रुख आने वाले समय में अवैध कारोबार पर बड़ी चोट साबित हो सकता है।










