IMG-20251013-WA0049

नक्सल प्रभावित शोभा में सीआरपीएफ का जनकल्याण अभियान, 211 बटालियन ने बांटी राहत सामग्री और जगाया भरोसा

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_ छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले गरियाबंद जिला के पुलिस थाना शोभा क्षेत्र में तैनात 211 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा नक्सल विरोधी अभियान के साथ-साथ जनकल्याण के कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी में दिनांक 25 फरवरी 2026, बुधवार को ई/211 बटालियन द्वारा सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन शासकीय प्राथमिक कन्या आश्रम शाला, शोभा के खेल मैदान में किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता 211 बटालियन के कमांडेंट श्री विजय प्रताप ने की। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी श्री रंजन कुमार बहाली, उप कमांडेंट श्री इकबाल अहमद, चिकित्सा अधिकारी डॉ. देविनेनि तपस्वनि तथा सहायक कमांडेंट श्री संतोष कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथियों में जिला पंचायत सदस्य श्री संजय नेताम (मैनपुर डिवीजन), थाना प्रभारी शोभा उप निरीक्षक ज्ञानेश्वर सिंह गंगवार, ग्राम पंचायत शोभा के सरपंच श्री घनश्याम मरकाम, ग्राम पंचायत गोना की सरपंच श्रीमती नरवती नरेश नेताम, ग्राम पंचायत अडगड़ी की सरपंच श्रीमती फुलमती नेताम तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री चुन्नीलाल नेगी सहित शिक्षकगण मौजूद रहे। कार्यक्रम में ग्राम शोभा, गोना, पेन्ड्रा एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।

जरूरतमंदों को मिली उपयोगी सामग्री

सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत जरूरतमंद ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों को टेलीविजन, कंबल, सोलर लालटेन, पानी भंडारण के लिए सिन्टेक्स टंकी, कृषि उपकरण (गैंती, फावड़ा), साड़ी, लुंगी, गमछा, खेल सामग्री (क्रिकेट बैट, टेनिस बॉल, स्टंप, फुटबॉल, वॉलीबॉल, वॉलीबॉल नेट), रसोई के बर्तन (पतीला, डेगचा, भगोना, स्टील प्लेट, स्टील ग्लास), चप्पल तथा स्कूली बच्चों को स्कूल बैग, स्कूल ड्रेस एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई।

सुरक्षा बलों की सराहना

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सीआरपीएफ द्वारा किए जा रहे जनकल्याण कार्यों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के सिविक एक्शन और मेडिकल कैंप कार्यक्रम नक्सल प्रभावित क्षेत्र में विश्वास बहाली और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

मुख्यधारा से जोड़ने की पहल

कार्यक्रम के समापन अवसर पर कमांडेंट श्री विजय प्रताप ने ग्रामीणों और बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सीआरपीएफ नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक समरसता और विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। जनकल्याण कार्यक्रमों एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविरों के माध्यम से स्थानीय निवासियों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम क्षेत्र में विश्वास का सेतु बन रहे हैं और सुरक्षा बलों व आम जनता के बीच सहयोग को मजबूत कर रहे हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने सामग्री वितरण पर आभार व्यक्त करते हुए सुरक्षाबलों को धन्यवाद दिया।