IMG-20251013-WA0049

देवभोग में दर्दनाक सड़क हादसा: गहनामुड़ा के पास धान से भरी ट्रक की टक्कर, चिचिया हाई स्कूल तक घसीटता ले गया युवक

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_ देवभोग क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार गहना मुड़ा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर धान से भरी तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक चालक बाइक सवार को चिचिया हाई स्कूल तक घसीटते हुए ले गया।

बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद एक व्यक्ति ट्रक के साथ रगड़ता हुआ काफी दूर तक चला गया, जबकि दूसरा व्यक्ति ट्रक की टक्कर से आगे की ओर सड़क पर जा गिरा।

मृतक की पहचान

हादसे में मृतक की पहचान अशोक यादव (38 वर्ष), निवासी कुम्हड़ाई खुर्द के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बाइक में दो लोग सवार थे, जिनमें से एक की हालत सुरक्षित बताई जा रही है, जबकि दूसरे की जान चली गई।

धान से भरी थी ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक धान से भरी हुई थी और तेज रफ्तार में चल रही थी। गहना मुड़ा के पास बाइक को टक्कर मारने के बाद चालक ने वाहन नहीं रोका और चिचिया हाई स्कूल तक युवक को घसीटते हुए ले गया, जिससे घटनास्थल पर भयावह दृश्य बन गया।

मौके पर मचा हड़कंप

घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

सड़क सुरक्षा पर सवाल

इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए और दोषी चालक पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।