गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। थाना शोभा अंतर्गत ग्राम रक्शापथरा के जंगल क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा डम्प किए गए घातक हथियार बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई गरियाबंद जिला पुलिस बल की E-30 टीम एवं बीडीएस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से लगभग 65 किमी दक्षिण-पूर्व दिशा में स्थित रक्शापथरा जंगल क्षेत्र में डीजीएन डिवीजन के नक्सलियों द्वारा हथियार छिपाकर रखे जाने की सूचना 19 जनवरी 2026 को आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली थी। इसी सूचना और निशानदेही के आधार पर 20 जनवरी 2026 को E-30 टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।
संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल क्षेत्र में एक टेकरी के ऊपर चट्टान के किनारे नक्सलियों द्वारा डम्प कर रखे गए 01 नग AK-47 रायफल, 01 नग खाली मैगजीन एवं 01 नग 12 बोर हथियार को बरामद करने में पुलिस को सफलता मिली।
इस बरामदगी से नक्सलियों की साजिशों को बड़ा झटका लगा है और यह सुरक्षा बलों की सतर्कता व प्रभावी रणनीति का परिणाम माना जा रहा है। जिले में लगातार मिल रही सफलताओं से नक्सल गतिविधियों पर शिकंजा और मजबूत होता जा रहा है।










