IMG-20251013-WA0049

सरस्वती शिशु मंदिर, अमलीपदर में बसंत पंचमी पर सरस्वती पूजन एवं समर्पण दिवस श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

अमलीपदर_बसंत पंचमी के पावन अवसर पर 23 जनवरी को सरस्वती शिशु मंदिर, अमलीपदर में सरस्वती पूजन एवं समर्पण दिवस अत्यंत श्रद्धा, उल्लास एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहन, आचार्य, दीदियाँ एवं पालकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

वैदिक मंत्रोच्चार व भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण

माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना विद्यालय के पूर्व छात्र पंडित महाराज जितेंद्र पाण्डेय जी के पावन सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई गई। भजन-कीर्तन एवं तबले की मधुर थाप से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
यह पावन आयोजन श्री शिव मंदिर, बड़े तालाब के समीप बरगद वृक्ष की छांव में आयोजित किया गया, जहाँ प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक ऊर्जा ने कार्यक्रम को और भी दिव्य बना दिया।


35 भैया-बहनों का हुआ विद्या आरंभ संस्कार

इस अवसर पर विशेष रूप से 35 भैया-बहनों का नवीन विद्या आरंभ संस्कार विधिविधान के साथ संपन्न कराया गया। साथ ही छोटे बालक-बालिकाओं का पट्टी पूजा संस्कार भी सम्पन्न हुआ।
पालकों एवं उपस्थित जनों ने माँ सरस्वती से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य हेतु संकल्प लेकर इस भावपूर्ण क्षण के साक्षी बने।


शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रनिर्माण का संकल्प

उल्लेखनीय है कि यह विद्यालय कुलेश्वरीन बाल संस्कार समिति द्वारा संचालित है, जो स्वर्गीय शुक्ल प्रसाद त्रिपाठी एवं श्री रूद्र प्रसाद त्रिपाठी, भानु शंकर त्रिपाठी द्वारा दान में प्राप्त भूमि पर स्थापित है।
समिति वर्षों से शिक्षा, संस्कार और राष्ट्रनिर्माण की भावना के साथ निरंतर कार्य कर रही है।


वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा के लिए समर्पण राशि एकत्र

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़, रायपुर के माध्यम से प्रदेश के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में संचालित आश्रमों एवं विद्यालयों द्वारा जनजाति भाई-बहनों के शैक्षणिक व सामाजिक उत्थान हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है।
इसी उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष समर्पण राशि एकत्र कर संबंधित आश्रमों तक पहुँचाई जाती है।


कोषाध्यक्ष ने की माँ सरस्वती से प्रार्थना

विद्यालय के कोषाध्यक्ष डॉ. मनीष सिंह ने माँ सरस्वती से प्रार्थना करते हुए कहा कि—
“माँ सरस्वती विद्यालय के समस्त बच्चों को सद्बुद्धि, ज्ञान एवं श्रेष्ठ संस्कार प्रदान करें, ताकि वे समाज और राष्ट्र के लिए आदर्श नागरिक बन सकें।”


इनकी रही विशेष उपस्थिति

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेश चक्रधारी जी, प्रधानाचार्य कमल चक्रधारी जी, समिति के अध्यक्ष डॉ. पी. आर. सिन्हा, सचिव श्री आर. पी. त्रिपाठी, समस्त पदाधिकारीगण, पालकगण, आचार्य एवं दीदियाँ उपस्थित रहे। संपूर्ण कार्यक्रम श्रद्धा, संस्कृति और संस्कारों की अनुपम मिसाल बनकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।