गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_धान की अवैध तस्करी पर लगाम कसते हुए थाना देवभोग एवं थाना अमलीपदर पुलिस ने ओडिशा बॉर्डर से लगे इलाकों में सख्त कार्रवाई की है। दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने 120 कट्टा अवैध धान (51 क्विंटल) जप्त कर तस्करों की कमर तोड़ दी है। जप्त धान की कुल कीमत 1 लाख 58 हजार 100 रुपये आंकी गई है।
अमलीपदर पुलिस की कार्रवाई
मुखबिर की सूचना पर अमलीपदर पुलिस ने धुरवापथना रोड (ओडिशा मार्ग) पर घेराबंदी कर 407 मेटाडोर वाहन (CG-04-JC-6332) को पकड़ा। वाहन में अवैध रूप से भरे 60 कट्टा (27 क्विंटल) धान परिवहन करते पाए गए। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर धान को जप्त कर आगे की कार्रवाई की गई।
देवभोग पुलिस की कार्रवाई
इसी तरह देवभोग थाना क्षेत्र में घूमामुड़ा रोड (ओडिशा मार्ग) पर पुलिस ने बोलेरो पिकअप (CG-04-MP-4713) को पकड़ा। वाहन से 60 कट्टा (24 क्विंटल) अवैध धान जप्त किया गया। मौके पर ही समक्ष गवाहों के सामने कार्रवाई की गई।
पुलिस का सख्त संदेश:
पुलिस ने साफ कर दिया है कि बॉर्डर इलाकों से धान तस्करी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। बिना वैध दस्तावेज धान परिवहन करने वालों पर आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।










