गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
देवभोग_ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद देवभोग के नगर मंत्री एवं युवा मोर्चा मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष रहे हेमंत कुमार नागेश को संगठन द्वारा युवा मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने उनकी सक्रियता, कर्मठता और जमीनी स्तर पर लगातार कार्य को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
हेमंत कुमार नागेश लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं और छात्र राजनीति से लेकर युवा मोर्चा तक उन्होंने हर दायित्व को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाया है। वे एक जमीन से जुड़े, सरल स्वभाव के साथ-साथ जुझारू कार्यकर्ता माने जाते हैं, जिनकी पहचान युवाओं के बीच मजबूत पकड़ और सक्रिय सहभागिता के लिए है। संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही है।
नियुक्ति के बाद हेमंत कुमार नागेश ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे एक कार्यकर्ता के रूप में युवाओं को संगठित कर राष्ट्र निर्माण की दिशा में काम करेंगे और संगठन की नीतियों व विचारधारा को घर-घर तक पहुँचाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना, संगठन को और अधिक मजबूत करना तथा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक संगठन की सोच पहुँचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और सशक्त बनाने के लिए वे लगातार संपर्क और संवाद स्थापित करेंगे।
हेमंत कुमार नागेश की नियुक्ति पर संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उन्हें बधाइयाँ दीं और उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की उम्मीद जताई। क्षेत्र में उनकी नियुक्ति को संगठन के लिए नई ताकत और नई दिशा के रूप में देखा जा रहा है।










