गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद। गरियाबंद ज़िले के लिए गर्व का विषय है कि फ़िंगेश्वर निवासी अनंत सोनी को विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में प्रदेश मंत्री का दायित्व सौंपा गया है। लगभग 24 वर्ष की अल्प आयु में प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी मिलना उनकी संगठनात्मक दक्षता और कार्यकुशलता को दर्शाता है।
सोनी इससे पूर्व एबीवीपी गरियाबंद के ज़िला संयोजक, महासमुंद विभाग के विभाग संयोजक तथा वर्तमान में अंबिकापुर ज़िले के ज़िला संगठन मंत्री के रूप में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वे संगठन के प्रति पूर्ण समर्पण भाव से लंबे समय से पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं।
परिषद के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा उनकी कार्यशैली को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। घोषणा की जानकारी मिलते ही फ़िंगेश्वर सहित पूरे गरियाबंद ज़िले में कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल देखने को मिला। नगर के कार्यकर्ताओं ने अनंत सोनी के निवास पहुँचकर उनके माता-पिता को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
उल्लेखनीय है कि गरियाबंद ज़िले से पहली बार किसी कार्यकर्ता को इतने बड़े संगठन में प्रदेश मंत्री का दायित्व मिला है। ज़िले भर के कार्यकर्ताओं ने अनंत सोनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ प्रेषित की है।










