Top News

गरियाबंद में 2 नवंबर को सजेगा जिला स्तरीय राज्योत्सव, ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी मुख्य थीम

पुलिस ग्राउंड में होगा भव्य आयोजन, विभागीय प्रदर्शनियों के साथ स्कूली व महाविद्यालयीन विद्यार्थी देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
 

गरियाबंद_छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर गरियाबंद जिला मुख्यालय के पुलिस ग्राउंड में 2 नवंबर 2026 को एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को सफल, सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों का आपसी समन्वय से निर्वहन करते हुए तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

विभागीय प्रदर्शनी में दिखेंगी शासन की योजनाएं और विकास उपलब्धियां_

राज्योत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी आम नागरिकों को दी जाएगी। इस वर्ष विभागीय प्रदर्शनी की मुख्य थीम “सशक्त नारी, युवा उड़ान” निर्धारित की गई है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रदर्शनी में महत्वपूर्ण योजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए। स्टॉलों में एकरूपता बनाए रखने के लिए समान डिजाइन और आकार के फ्लेक्स लगाए जाएं। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

मंच, बैठक, पार्किंग और सुरक्षा की होगी व्यवस्था_

कलेक्टर श्री शर्मा ने आयोजन स्थल पर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, विद्युत, साउंड सिस्टम, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग और सुरक्षा सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। दर्शकों, अतिथियों और मीडिया प्रतिनिधियों के लिए समुचित बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं, एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

विद्यार्थी देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां_

राज्योत्सव के दौरान स्कूल एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कलेक्टर ने कार्यक्रमों को शालीन और गरिमामय रखने के साथ आम नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और विकास की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

1 से 3 नवंबर तक जगमगाएंगे शासकीय भवन_

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 1 नवंबर से 3 नवंबर 2026 तक जिला मुख्यालय के शासकीय भवनों एवं अन्य निर्धारित स्थलों पर रात्रि में आकर्षक रोशनी की जाएगी। संबंधित विभागों को भवनों में प्रकाश व्यवस्था करने और “सशक्त नारी, युवा उड़ान” की थीम को प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। निजी संस्थानों को भी स्थापना दिवस के अवसर पर अपने प्रतिष्ठानों में रोशनी करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस पर होने वाला व्यय संबंधित प्रशासकीय विभाग अपने विभागीय बजट से वहन करेंगे।

कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्योत्सव की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण कर आयोजन को नागरिकों के लिए सुविधाजनक, आकर्षक और गरिमामय बनाया जाए।

Previous Post Next Post