मैनपुर के कुल्हाड़ीघाट, खटवा और गोवरमुंडा के जंगलों में चला नक्सल विरोधी अभियान, चार UBGL राउंड और अन्य सामग्री भी मिली
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_ जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत 65वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और जिला पुलिस गरियाबंद की संयुक्त टीम को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। 18 अक्टूबर 2026 को थाना मैनपुर क्षेत्र के कुल्हाड़ीघाट, खटवा और गोवरमुंडा के वन क्षेत्रों में चलाए गए नक्सल विरोधी एवं डी-माइनिंग अभियान के दौरान ग्राम गोवरमुंडा के समीप एक पुलिया के पास नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप बरामद किया गया।
संदिग्ध स्थल की जांच में मिला विस्फोटक सामग्री का डंप
65वीं बटालियन की एफ/65 कंपनी और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने विशिष्ट आसूचना के आधार पर अभियान चलाया। गोवरमुंडा के समीप पुलिया के पास संदिग्ध वस्तु की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने इलाके की सावधानीपूर्वक जांच की। इसके बाद 65वीं बटालियन के बम खोज एवं निष्क्रियकरण दस्ते (BDDS) ने तकनीकी उपकरणों की सहायता से निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के तहत संदिग्ध स्थल की विस्तृत जांच की।
जांच और सावधानीपूर्वक खुदाई के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप मिला। इसमें लगभग 2.5 किलोग्राम वजनी एक टिफिन आईईडी, चार यूबीजीएल राउंड, दो मीटर कोडेक्स वायर, 15 खाली खोखे, दवाइयां तथा दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री बरामद हुई।
टिफिन IED और चार UBGL राउंड मौके पर नष्ट
बरामद विस्फोटक सामग्री से संभावित खतरे को देखते हुए 65वीं बटालियन के BDDS ने निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) और आवश्यक सुरक्षा उपायों का पालन करते हुए टिफिन आईईडी तथा चारों यूबीजीएल राउंड को घटनास्थल पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया।
संयुक्त अभियान से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती
सीआरपीएफ के अनुसार, यह कार्रवाई बटालियन की आसूचना शाखा से प्राप्त जानकारी, सुरक्षा बलों की सतर्कता, प्रभावी कार्ययोजना और जिला पुलिस गरियाबंद के साथ बेहतर समन्वय का परिणाम है। विस्फोटक सामग्री की बरामदगी और उसे सुरक्षित रूप से नष्ट किए जाने से क्षेत्र में संभावित नक्सली हिंसक गतिविधियों को रोकने तथा सुरक्षा बलों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों को मजबूती मिली है।
65वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने और नक्सल विरोधी अभियानों को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।




