Top News

देवभोग में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: कांदाडोंगर जंगल से सीताफल संग्रहण का मामला, 48 कैरेट समेत पिकअप जब्त


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

देवभोग_वन संपदा की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए सीताफल से लोड पिकअप वाहन को जब्त किया है। 16 अक्टूबर 2026 को उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में वन गश्त के दौरान वन परिक्षेत्र इंदागांव (देवभोग) के अंतर्गत ग्राम सराईपानी स्थित शिव मंदिर के पास यह कार्रवाई की गई। मौके पर ओडिशा पासिंग पिकअप वाहन क्रमांक OD 03 AF 7374 में 48 कैरेट सीताफल लोड पाया गया। वन विभाग के अनुसार, सीताफल के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन सहित पूरी खेप को जब्त कर वन विभाग देवभोग लाया गया।

कांदाडोंगर वन क्षेत्र से सीताफल लाने की मिली जानकारी_

वन विभाग के अनुसार, मौके पर पूछताछ के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने सीताफल को कांदाडोंगर वन क्षेत्र से तोड़कर लाना बताया। वहीं, ओडिशा के लाठोर, हरिशंकर निवासी गरुड़ मेहेर द्वारा प्रति कैरेट 300 रुपये की दर से सीताफल खरीदे जाने की जानकारी सामने आई। जब्त किए गए 48 कैरेट सीताफल की कुल कीमत 14,400 रुपये आंकी गई है।

भारतीय वन अधिनियम के तहत कार्रवाई_

वन विभाग ने बताया कि मामले में भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 52 के तहत कार्रवाई की जा रही है। जब्त सीताफल और पिकअप वाहन के संबंध में नियमानुसार आगे की प्रक्रिया जारी है। वन क्षेत्र से वन उपज के संग्रहण और परिवहन के दौरान वैध दस्तावेजों तथा लागू नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभाग द्वारा कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई में वन अमले की रही भूमिका_

इस कार्रवाई में सहायक परिक्षेत्र अधिकारी एवं सहायक वृत्त अधिकारी गोहरापदर फिरोज खान,सहायक परिक्षेत्र अधिकारी देवभोग दिनेश चंद्र पात्र,परिसर रक्षी गोहरापदर लंबोदर सोरी,परिसर रक्षी घुमरापदर पुरुषोतम ध्रुवा, वानिकी चौकीदार भोलाराम यदु तथा सुरक्षा श्रमिक आनंद यादव की भूमिका रही।

वन संपदा के अवैध दोहन पर आगे भी होगी कार्रवाई_

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों और वन उपज के नियम विरुद्ध संग्रहण एवं परिवहन के मामलों पर निगरानी जारी रहेगी। विभाग के अनुसार, वन संपदा की सुरक्षा के लिए आगे भी गश्त और जांच अभियान चलाए जाएंगे तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Previous Post Next Post