“मैं हूं साइबर शिक्षक” थीम के साथ 5 हजार से अधिक लोगों को दिया साइबर सुरक्षा का संदेश
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_शिक्षक दिवस के अवसर पर गरियाबंद पुलिस ने “मैं हूं साइबर शिक्षक, साइबर शिक्षक से ही साइबर सुरक्षा” थीम के साथ जिलेभर में व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस विभाग की टीम ने जिले के 1259 स्कूलों में पहुंचकर शिक्षकों के साथ विद्यार्थियों को भी साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी।
अभियान के दौरान स्कूल-कॉलेजों के शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। वहीं शिक्षक, विद्यार्थी और आमजनों सहित 5 हजार से अधिक लोगों के साथ सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता का संदेश दिया गया।
शिक्षक दिवस के अवसर पर गरियाबंद पुलिस ने राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करने के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिष्ठित शिक्षक एस.आर. परीहार,गिरीश शर्मा,के.आर. सिन्हा एवं ए.डी. सिन्हा के निवास स्थान पर पहुंचकर तथा थानों में उन्हें शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने कहा कि शिक्षक समाज का आईना और राष्ट्र के सच्चे निर्माता होते हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके प्रयासों से अपराधमुक्त और उन्नत समाज की नींव मजबूत होती है।
गरियाबंद पुलिस की इस पहल के माध्यम से साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के संदेश का वाहक बनाने का प्रयास किया गया।




