Top News

रक्षाबंधन से पहले मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग की दबिश, मिल्क स्वीट्स से लेकर होटल-रेस्टोरेंट तक होगी जांच

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_ रक्षाबंधन पर्व से पहले जिले में मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों पर शिकंजा कसने खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। ‘बने खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत 23 अगस्त तक मिठाई दुकानों, कन्फेक्शनरी, होटल, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड सेंटरों की सघन जांच की जाएगी।

अभियान में सबसे ज्यादा फोकस मिल्क स्वीट्स के नाम पर बिक रही मिठाइयों पर रहेगा। काजू कतली, काजू बर्फी, मगज लड्डू, बर्फी और पेड़ा समेत अन्य मिठाइयों की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री, लेबल और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच होगी। वनस्पति तेल या वनस्पति वसा से तैयार मिठाइयों को मिल्क स्वीट्स के नाम से बेचने और बिना लेबल के भ्रामक नामों से मिठाइयां बेचने पर भी कार्रवाई की जाएगी।

इसी कड़ी में 17 अगस्त को जिला मुख्यालय के कई होटल और रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। खाद्य कारोबारियों को मिलावटी, अमानक और असुरक्षित खाद्य पदार्थों का निर्माण या बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

विभाग ने मिठाइयों के निर्माण से लेकर बिक्री तक स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी है। जांच के दौरान नियमों की अनदेखी मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

रक्षाबंधन पर मिठाई खरीदने वाले उपभोक्ताओं के लिए भी यह अभियान अहम है, क्योंकि विभाग का लक्ष्य त्योहारी सीजन में बाजार में सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

Previous Post Next Post