Top News

नाबालिग के हाथ में बाइक देख पुलिस ने रोका रास्ता, स्कूल पहुंचाकर माता-पिता को दी सख्त समझाइश

पारसूली स्कूल के पास पुलिस की चेकिंग, बिना लाइसेंस बाइक चलाता मिला छात्र; बच्चों को पढ़ाया यातायात नियमों का पालन 

AI जनरेट फोटो 
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद_सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने गरियाबंद पुलिस लगातार चेकिंग के साथ जागरूकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में ग्राम सड़क पारसूली स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास पुलिस टीम ने आकस्मिक वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

स्कूल के बाहर पुलिस की चेकिंग, बिना लाइसेंस मिला छात्र

चेकिंग के दौरान स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं के दुपहिया वाहनों की जांच की गई। इसी दौरान एक स्कूली छात्र बिना ड्राइविंग लाइसेंस के मोटरसाइकिल चलाते हुए पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छात्र के माता-पिता को स्कूल परिसर में बुलाया।

पुलिस ने पालकों और छात्र की कराई काउंसलिंग

पुलिस अधिकारियों ने छात्र और उसके पालकों को समझाइश देते हुए कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन देना उनके जीवन के लिए बड़ा जोखिम है। पालकों को भविष्य में बच्चों को वाहन नहीं देने की सख्त हिदायत दी गई।

स्कूल में लगी यातायात जागरूकता की पाठशाला

चेकिंग के बाद पुलिस टीम ने स्कूल के छात्र-छात्राओं को एकत्र कर यातायात नियमों की विशेष जानकारी दी। बच्चों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तीन सवारी नहीं बैठाने और नाबालिग उम्र में वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक किया गया। बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।

पालकों से पुलिस की अपील

पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने पालकों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को दुपहिया या चार पहिया वाहन चलाने के लिए न दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे चेकिंग और जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।


Previous Post Next Post