गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_ जिले के मोहतरा डेम में आज 22 अगस्त को एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों में पतासाजी शुरू की।
पतासाजी के दौरान ग्राम खरखरा निवासी अहमद कुमार, पिता सुकुल राम कुमार, उम्र करीब 40 वर्ष ने शव की पहचान अपनी चाची के रूप में की। मृतका की पहचान शांति बाई, पति स्वर्गीय घुरवा कुमार, उम्र करीब 40 से 45 वर्ष, निवासी ग्राम खरखरा, थाना पांडुका के रूप में हुई है।
15 अगस्त से घर से थी लापता
जानकारी के मुताबिक शांति बाई 15 अगस्त 2026 से घर से बिना बताए कहीं चली गई थीं। इसके बाद से परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। करीब एक सप्ताह बाद मोहतरा डेम में उनका शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने घटना की जानकारी दी है। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने सहित मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

