गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
देवभोग_ विकासखंड देवभोग में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी, नाले और तालाबों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच खुटगांव पंचायत क्षेत्र में बढ़ते जलस्तर ने चार ग्रामीणों की मुश्किल बढ़ा दी है। टिकरापारा निवासी 2 महिला और 2 पुरुष समेत कुल 4 लोग नाले के उस पार फंस गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही 112 की टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। लेकिन नाले में पानी का बहाव और बढ़ता जलस्तर होने के कारण तत्काल रेस्क्यू करना संभव नहीं हो सका। इसके बाद उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई, जिसके बाद गरियाबंद से रेस्क्यू टीम को खुटगांव के लिए रवाना किया गया है।
10 फीट से ज्यादा गहरा है नाला, बढ़ते पानी से बढ़ा खतरा
बताया जा रहा है कि खुटगांव से सेनमुड़ा जाने वाले मार्ग पर एक पारा पड़ता है। यहां से करीब 500 मीटर आगे जाने पर नाला आता है, जिसकी गहराई 10 फीट से अधिक बताई जा रही है। लगातार बारिश के कारण नाले का जलस्तर बढ़ गया है। इसी वजह से टिकरापारा के चार ग्रामीण नाले के दूसरी तरफ फंस गए हैं।
थाना प्रभारी बोले-STRF से हुई बात, गरियाबंद से आ रही रेस्क्यू टीम
देवभोग थाना प्रभारी फैजुल होदा साह ने बताया कि STRF से उनकी बात हो चुकी है और रेस्क्यू टीम गरियाबंद से घटनास्थल के लिए आ रही है। उन्होंने बताया कि देवभोग थाने से पुलिस के जवान और 112 की टीम घटनास्थल पर मौजूद हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस और 112 टीम मौके पर, रेस्क्यू टीम का इंतजार
फिलहाल चारों ग्रामीण नाले के उस पार फंसे हुए हैं। मौके पर पुलिस बल एवं 112 की टीम मौजूद है। गरियाबंद से रेस्क्यू टीम के पहुंचने के बाद चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान शुरू किया जाएगा। लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।


