Top News

खुटगांव चेकपोस्ट पर 2 करोड़ का गांजा पकड़ा: महाराष्ट्र से ओडिशा तक फैले नेटवर्क पर देवभोग पुलिस का शिकंजा, 5 तस्कर गिरफ्तार

आयशर की छत पर तिरपाल के नीचे छिपाकर ला रहे थे 400 किलो गांजा, आगे बाइक से रास्ता बता रहे थे दो तस्कर

Ai जनरेट फोटो 
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_ मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत गरियाबंद पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। देवभोग थाना क्षेत्र के खुटगांव चेकपोस्ट, NH-130C पर पुलिस ने 4 कुंटल अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में महाराष्ट्र और ओडिशा से जुड़े 5 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल आयशर वाहन, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और कुल 6.50 लाख रुपये नगद भी जब्त किए हैं। पुलिस की कार्रवाई केवल गांजा ले जा रहे आरोपियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूछताछ के आधार पर ओडिशा में गांजा उपलब्ध कराने वाले आरोपी तक पहुंचकर ‘एंड टू एंड’ कार्रवाई की गई।

खुटगांव चेकपोस्ट पर पकड़ा गया आयशर

पुलिस के अनुसार 24 अगस्त 2026 की रात थाना देवभोग क्षेत्र के ग्राम खुटगांव स्थित चेकपोस्ट नाका, NH-130C पर पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से एक नारंगी रंग का आयशर वाहन क्रमांक MH 06 BW 4144 आता दिखाई दिया।

पुलिस ने वाहन को रोककर विधिवत जांच की। वाहन की छत पर काले रंग के तिरपाल से ढका हुआ संदिग्ध सामान दिखाई दिया। तिरपाल हटाकर जांच करने पर अलग-अलग पैकेटों में गांजा जैसा मादक पदार्थ भरा मिला।

वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम संतोष अनंता मोहिते और सुमित सुभाष थोड़वे बताया। पूछताछ में दोनों ने तिरपाल के नीचे रखे पैकेटों में गांजा होना स्वीकार किया।

आगे बाइक से चल रहे थे दो तस्कर

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके आगे नीले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल क्रमांक OD 08 W 5814 में दो व्यक्ति चल रहे हैं, जो उन्हें रास्ता बता रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बाइक की तलाश शुरू की और उस पर सवार दोनों व्यक्तियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान पंकज अनंता मोहिते और जलंधर खम्हारी के रूप में हुई।

मौके पर की गई विधिवत तलाशी और जब्ती कार्रवाई में आयशर वाहन की छत पर रखे पैकेटों से कुल 4 कुंटल गांजा बरामद हुआ। आरोपी गांजे के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

ओडिशा तक पहुंची पुलिस की कार्रवाई

मौके पर कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपियों से गांजा के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ग्राम डेंगागुड़ा, थाना आमपानी, जिला कालाहांडी, ओडिशा निवासी विनोद दिसारी से प्राप्त किया गया था।

इसके बाद गरियाबंद पुलिस ने मामले में एंड टू एंड कार्रवाई करते हुए ओडिशा निवासी विनोद दिसारी को भी गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार विनोद दिसारी के कब्जे से गांजा के क्रय-विक्रय में प्रयुक्त 5 लाख रुपये नगद बरामद किए गए।

कुल 6.50 लाख रुपये नगद जब्त

मौके पर पकड़े गए चार आरोपियों के कब्जे से 1.50 लाख रुपये नगद बरामद हुए, जबकि ओडिशा से गिरफ्तार किए गए विनोद दिसारी के कब्जे से 5 लाख रुपये जब्त किए गए।

इस तरह पुलिस ने गांजा तस्करी से जुड़े कुल 6.50 लाख रुपये नगद जब्त किए हैं।

पांचों आरोपियों पर NDPS Act के तहत मामला

पुलिस ने पांचों आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर धारा 20(B)(ii)(C) NDPS Act के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। सभी आरोपियों को गवाहों के समक्ष गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

1. संतोष अनंता मोहिते, पिता अनंता मोहिते, उम्र 49 वर्ष, निवासी ग्राम ब्लॉक बी, शंकर मंदिर के पास, तलोजा पापड़ीचापड़ा, तलोजे मजकूर, थाना खारघर, जिला रायगढ़, महाराष्ट्र।

2. सुमित सुभाष थोड़वे, पिता सुभाष थोड़वे, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम आलंदी, मर्कल रोड, स्वर्णा होटल थोड़वे बस्ती, चरहोली खुर्द, आलंदी देवाची, थाना पुणे, जिला पुणे, महाराष्ट्र।

3. पंकज अनंता मोहिते, पिता अनंता मोहिते, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम आशियाना लेक्यू, रूम नंबर 201, बिविंग परची, खोपोली, थाना खालापुर, जिला रायगढ़, महाराष्ट्र।

4. जलंधर खम्हारी, पिता घनश्याम खम्हारी, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम गहनामुड़ा, थाना कोकसर, जिला कालाहांडी, ओडिशा।

5. विनोद दिसारी, पिता पुरुषोत्तम दिसारी, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम डेंगागुड़ा, थाना आमपानी, जिला कालाहांडी, ओडिशा।

पुलिस ने यह सामग्री की जब्त

जब्त सामग्री अनुमानित कीमत
400 किलो अवैध गांजा करीब ₹2 करोड़
आयशर वाहन MH 06 BW 4144 करीब ₹20 लाख
ग्लैमर मोटरसाइकिल OD 08 W 5814 करीब ₹50 हजार
3 टच स्क्रीन मोबाइल करीब ₹15 हजार
मौके से नगद ₹1.50 लाख
विनोद दिसारी से नगद ₹5 लाख
कुल नगद ₹6.50 लाख

अंतर्राज्यीय नेटवर्क पर बड़ी चोट

‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत की गई इस कार्रवाई में गरियाबंद पुलिस ने केवल तस्करी के दौरान गांजा लेकर जा रहे आरोपियों को पकड़ने तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि पूछताछ के आधार पर गांजा उपलब्ध कराने वाले आरोपी तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क की कड़ी जोड़ने का प्रयास किया।

पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज रायपुर के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध परिवहन और बिक्री के विरुद्ध लगातार सघन चेकिंग एवं निगरानी की जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों और अंतर्राज्यीय चेकपोस्टों पर पुलिस की निगरानी के बीच हुई यह कार्रवाई गांजा तस्करी के नेटवर्क के लिए बड़ी कार्रवाई के रूप में सामने आई है।

Previous Post Next Post