Top News

देवभोग में यूथ कांग्रेस की मशाल रैली, स्मार्ट मीटर और बदहाल शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
 

देवभोग_ स्मार्ट मीटर के विरोध और बदहाल शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ गुरुवार को देवभोग में यूथ कांग्रेस ने भव्य मशाल रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेशभर से यूथ कांग्रेस के नेता भारी वाहनों के काफिले के साथ बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। रास्ते में कई जगह कांग्रेस नेताओं का आतिशबाजी और नारों के साथ जोरदार स्वागत किया गया। देवभोग पहुंचने के बाद स्थानीय विश्राम गृह में यूथ कांग्रेस का सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसके बाद मशाल रैली निकाली गई और विभिन्न मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने स्मार्ट मीटर का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के नाम पर आम उपभोक्ताओं पर बिजली बिल का अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने स्मार्ट मीटर का पुरजोर विरोध करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आम लोगों की आवाज को मजबूती से उठाने की अपील की।

यूथ कांग्रेस नेताओं ने गरियाबंद जिले की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी शासन-प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। नेताओं ने जर्जर स्कूल भवन, शिक्षकों की कमी और तबादलों में मनमानी का आरोप लगाते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। यूथ कांग्रेस चुनाव में प्रत्याशी रहे सत्येंद्र चेलक ने भी स्थानीय समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ खुलकर अपनी बात रखी।

इसके बाद प्रदेश और जिला स्तर के नेताओं की अगुवाई में विश्राम गृह से मशाल रैली निकाली गई। हाथों में जलती मशालें लेकर कार्यकर्ता विभिन्न मुद्दों को लेकर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। रैली के माध्यम से स्मार्ट मीटर, शिक्षा व्यवस्था समेत स्थानीय समस्याओं को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा, प्रदेश पदाधिकारी तपेश्वर ठाकुर, महामंत्री नीरज ठाकुर, अपराजित तिवारी, जिला उपाध्यक्ष रमीज राजा, योगेश बघेल, पूना राम यादव, निरंजन प्रधान, गुंजेश कपिल, मेघराम बघेल, ब्लॉक अध्यक्ष भूपेंद्र मांझी, महेश्वर बघेल, देवानंद राजपूत समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

वाहनों का काफिला और स्वागत रहा आकर्षण का केंद्र

गरियाबंद से यूथ कांग्रेस के सौरभ ठाकुर, वेदांत शर्मा, आकाश दीक्षित, आबिद ढेबर, अमन दास मानिकपुरी समेत जिला यूथ कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में वाहनों का काफिला बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र पहुंचा। रास्ते में कई स्थानों पर नेताओं का जोशीला स्वागत किया गया। आतिशबाजी और नारेबाजी से माहौल कांग्रेसमय नजर आया।

देवभोग में यूथ कांग्रेस नेता निराकार डोंगरे, सिद्धार्थ निधि, तरुण नागेश, उमेश डोंगरे, अल्तमस खां, दीक्षित मांझी और धीरेंद्र राजपूत के नेतृत्व में नेताओं और कार्यकर्ताओं का भव्य स्वागत किया गया। सत्ता से बाहर होने के बाद स्थानीय स्तर पर कांग्रेस का यह बड़ा जमघट चर्चा का विषय रहा और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नजर आए।

Previous Post Next Post