ब्रीथ एनालाइजर से जांच में खुली पोल, तीनों पर धारा 185 MV Act के तहत कार्रवाई; वाहन जब्त कर न्यायालय भेजने की प्रक्रिया
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 
AI जनरेट फोटो
गरियाबंद_ पर्यटन स्थलों पर मौज-मस्ती के नाम पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ गरियाबंद पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर यातायात पुलिस ने चिंगरापगार तिराहा के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से अल्कोहल जांच की। जांच में तीन मोटरसाइकिल चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
ब्रीथ एनालाइजर ने पकड़ा नशे का सच
शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के वाहन मौके पर जब्त किए गए। पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रकरण न्यायालय भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में शराब या किसी अन्य नशे की हालत में वाहन चलाना खुद वाहन चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।
गरियाबंद पुलिस की दो टूक-नशे में ड्राइविंग नहीं चलेगी
पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं और नशे की हालत में किसी दूसरे व्यक्ति को भी वाहन चलाने न दें। गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


