नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का आत्मीय स्वागत, शिक्षा के प्रति जागरूकता और उज्ज्वल भविष्य का दिया संदेश
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
मैनपुर_छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार विकासखंड मैनपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोहरापदर में बुधवार को शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव एवं क्षेत्रीय विधायक गोवर्धन सिंह मांझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विद्यालय परिवार ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य लालाराम देवांगन ने की। इस अवसर पर शाला विकास समिति के अध्यक्ष केनूराम यादव, समिति के सदस्य, पालक-शिक्षक, जनप्रतिनिधि, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अपने संबोधन में विधायक गोवर्धन सिंह मांझी ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन में शिक्षा के नए सफर की सुखद शुरुआत है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों का विद्यालय के प्रति अपनापन बढ़ता है और उनमें नियमित अध्ययन की प्रेरणा मिलती है। शाला विकास समिति के अध्यक्ष केनूराम यादव ने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई कर बेहतर परिणाम हासिल करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मेघराम बघेल, खगेश्वर सिंह नायक तथा शासकीय महाविद्यालय गोहरापदर के प्राचार्य श्री सोनवानी ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रवेशोत्सव के दौरान कक्षा 9वीं की नवप्रवेशित छात्राओं को शासन की योजना के तहत निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को पाठ्य-पुस्तकों का वितरण कर नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत कराई गई।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य लालाराम देवांगन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रवेशोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।





