गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_गरियाबंद जिले के तौरेंगा नाका में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब वन विभाग ने मां शारदा बस सहित कई निजी वाहनों को अचानक रोक दिया। कार्रवाई के चलते नाके पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक यात्री सड़क पर फंसे रहे।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले बस चालक और रेंजर के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अभ्यारण्य प्रशासन ने नियमों के पालन में सख्ती शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि अभ्यारण्य क्षेत्र में शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक वाहनों के आवागमन पर हाईकोर्ट का प्रतिबंध लागू है। अब तक भारी व्यावसायिक वाहनों को छोड़कर यात्री बसों और निजी वाहनों को छूट दी जाती रही थी, लेकिन हालिया विवाद के बाद वन विभाग कोर्ट के निर्देशों का कड़ाई से पालन कर रहा है।
इस कार्रवाई से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नाके पर देर तक वाहनों की कतार लगी रही और लोग प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग करते रहे।






