Top News

गरियाबंद में घर पर मौत बनकर गिरा विशाल नीलगिरी का पेड़, डायल-112 की फुर्ती से मलबे में दबी महिला को मिला नया जीवन


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_ शहर की फॉरेस्ट कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक विशाल नीलगिरी का पेड़ अचानक एक मकान पर भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के वक्त घर के अंदर मौजूद एक महिला पेड़ और मलबे के नीचे दब गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
पुलिस कर्मियों ने भारी पेड़ और मलबे के बीच फंसी महिला को कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के साथ सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में महिला घायल हो गई थी। डायल-112 की टीम ने तत्काल उसे अपने आपातकालीन वाहन से जिला अस्पताल गरियाबंद पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

इस त्वरित और साहसिक रेस्क्यू अभियान में आरक्षक धनेंद्र कुमार बंजारे और वाहन चालक अनुराग साहू की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। उनकी तत्परता और संवेदनशीलता के कारण समय रहते महिला की जान बचाई जा सकी।

पुलिस की इस मानवीय पहल और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। समय पर मिली सहायता से एक बड़ा हादसा टल गया और एक महिला को सुरक्षित जीवनदान मिल सका।
Previous Post Next Post