Top News

छुरा में दर्दनाक हादसा: बैलों के साथ लौट रहे युवक को तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर, हालत गंभीर

एम्बुलेंस नहीं मिलने पर पुलिस ने पेट्रोलिंग वाहन से पहुंचाया अस्पताल, बाइक चालक भी घायल


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज गरियाबंद

छुरा_गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक अपने साथी के साथ बैलों को लेकर पैदल गांव लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक भी घायल हो गया। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।

बैलों के साथ लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सजापाली निवासी 22 वर्षीय युवक कृषि कार्य के लिए बैल लेकर छुरा आया था। सोमवार रात करीब 8:30 बजे वह अपने साथी के साथ बैलों को लेकर वापस गांव लौट रहा था। कोसमबुड़ा चौकी के पास धौवराभाठा के समीप सड़क किनारे पैदल चलते समय पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

चेहरे और सिर में गंभीर चोट

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके चेहरे और सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आईं। वहीं बाइक चालक, जो खुडियाड़ीही गांव का निवासी बताया जा रहा है, वह भी हादसे में घायल होकर अचेत हो गया।

एम्बुलेंस नहीं मिली, पुलिस बनी सहारा

घटना की सूचना मिलते ही छुरा थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण पुलिस ने बिना समय गंवाए घायल युवक को अपने पेट्रोलिंग वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च स्तरीय अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण घायल को तत्काल पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Previous Post Next Post