देवभोग_लगातार हो रही झमाझम बारिश जहां किसानों के चेहरों पर मुस्कान लेकर आई है, वहीं दूसरी ओर देवभोग क्षेत्र के करीब 118 गांवों के लोगों के लिए यह बारिश परेशानी का सबब बन गई है।
मुड़ागांव के पास बिजली का तार टूट जाने से पिछले करीब 12 घंटे से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप है। इसके चलते घरों में अंधेरा छाया हुआ है। पेयजल आपूर्ति प्रभावित है, मोबाइल फोन बंद हो रहे हैं और छोटे व्यापारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश लगातार रुक-रुक कर हो रही है, जिससे बिजली विभाग की मरम्मत टीम को सुधार कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग के कर्मचारी पिछले 12 घंटे से लगातार लाइन दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं।
बिजली विभाग के अनुसार, मुड़ागांव के पास क्षतिग्रस्त बिजली लाइन को ठीक करने का काम अंतिम चरण में है और यदि मौसम ने साथ दिया तो अगले कुछ घंटों में बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।
फिलहाल देवभोग क्षेत्र के लोग बिजली बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं। एक तरफ बारिश से खेतों को जीवन मिल रहा है, तो दूसरी ओर बिजली संकट ने लोगों की दैनिक दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।




